धीना। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे कार्यभार संभालने के बाद से लगातार थानों का औचक निरीक्षण और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर चर्चा में बने हुए हैं। शुक्रवार को आधी रात सादे कपड़ों में वह धीना थाने पहुंच गए। अचानक एसपी को देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। धीना थाने में पहुंचे एसपी ने जनसुनवाई रजिस्टर, महिला डेस्क, आगंतुक रजिस्टर, अपराध रजिस्टर की जांच की। साथ ही ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव को प्रमुख चौराहों, बाजार और क्षेत्र के मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही रात में गश्त करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने और फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने की हिदायत दी। वहीं, सीज किए गए वाहनों की सफाई और सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा।