सपा का विकास सिर्फ नारों और विज्ञापनों में दिखता है। जमीन पर नहीं। सपा नारेबाजी वाली पार्टी है, जबकि बसपा सुप्रीमो मायावती भ्रष्टाचार शिरोमणि हैं। ये बातें केंद्रीय लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने नियामताबाद गांव के खलिहान में आयोजित चुनावी सभा में कहीं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से सबसे अधिक परेशानी मायावती, मुलायम और राहुल गांधी जैसे नेताओं को हुई है। आज नोटबंदी की लाइन पर माथा पीटने वाले नेता यूरिया के लिए लगने वाली लाइन को भूल गए। प्रदेश की जनता इन दलों से ऊब चुकी है और परिवर्तन चाहती है। सभा में कलराज मिश्र ने विपक्षियों को आड़े हाथों लिया। कहा, यहां थानों में मुकदमे नहीं लिखे जाते ताकि अपराध कम दिखे। साथ ही सपा को पारिवारिक पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक किसान ही बेहाल हैं। केंद्र से भेजे गए आपदा राहत राशि को किसानों को नहीं दिया गया। केंद्र सरकार ने यूरिया की ब्लैक मार्केटिंग रोकी। हर गरीब को नि:शुल्क रसोई गैस उपलब्ध कराया। इसके पूर्व सभा को स्वतंत्र देव पटेल, अमरजीत मिश्र, राजकिशोर सिंह, नरेन्द्र सिंह, दर्शना सिंह, सर्वेश कुशवाहा, राणा सिंह, राजू इकबाल आदि ने संबोधित किया।