प्रभुनारायण सिंह यादव, सपा विधायक, सकलडीहा
पीडीडीयू नगर। समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने क्षेत्र की बदहाल सिंचाई व्यवस्था, किसानों की दुर्दशा और लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसान, नौजवान और बेरोजगारों के हितों की अनदेखी कर रही है। विधायक ने पंप कैनालों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पर्याप्त पानी न होने से कई कैनाल ठप हैं, जिससे किसानों की फसलें सूख रही हैं। वहीं, पेपर लीक पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लगातार परीक्षाओं के पर्चे लीक हो रहे हैं। सरकार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने में नाकाम रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में है और बेरोजगार मानसिक तनाव झेल रहे हैं। सपा युवाओं के हक की लड़ाई जारी रखेगी। दूसरी ओर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि नहरों की मुख्य सफाई हर साल नवंबर-दिसंबर में होती है। इसके बावजूद जहां भी पानी या गाद की समस्या सामने आ रही है, वहां जूनियर इंजीनियर के माध्यम से मशीन लगवाकर तत्काल सुधार कार्य कराया जाएगा।