पीडीडीयू नगर में खरीदारी करने निकले लोग।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद भी लोग बेपरवाह बने हैं। बाजार में लगातार लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ दुकानदार भी सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर लापरवाह हैं। जिला प्रशासन ने दुकान खोलने के लिए रोस्टर तय किया था लेकिन दुकानदार इसे नजरंदाज कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तमाम गाइड लाइन जारी की गई है। गाइड लाइन्स का पालन करने की शर्त पर ही बाजारों को खोला गया है। बाजार खुलते ही दुकानदार से लेकर ग्राहक तक लापरवाह हो गए हैं। दुकानदार जहां अधिक से अधिक ग्राहकों को सामान बेचने की जुगत में नियम कानून को ताक पर रखे हैं वहीं ग्राहक भी जल्दी सामान लेने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग को नजरंदाज कर रहे। यह हाल तब है जबकि नगर में दो कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक भीड़ लग रह रही है। जिला प्रशासन की ओर से मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग समेत सैनिटाइज का इस्तेमाल करने का निर्देश भी दिया था लेकिन लोग लापरवाही बरत रहे है। नगर के काली महाल, गल्ला मंडी, धर्मशाला रोड, मैनाताली, कसाब महाल में भीड़ लग रही है। नगर में जीटी रोड से लेकर एलबीएस क्रय विक्रय केंद्र में दुकानदार मनमाने तरीके से दुकान खोल रहे है। ऐसे में डर इस बात की है कि कहीं यह लापरवाही संक्रमण फैलाने में मददगार साबित न हो जाए। जिला प्रशासन ने निर्देशित किया था कि मिठाई की दुकानों पर लोगों को बैठाकर खिलाने की व्यवस्था नहीं होगी। जबकि नगर में कई मिठाई विक्रेता आदेश को धता बताकर दुकानों में लोगों को बैठाकर मिठाई खिला रहे है। वहीं दूसरी तरफ नगर में चाय व पान की दुकानें भी खुल गई है जहां काफी भीड़ लग रही है।