चकिया। कोरोना महामारी बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान अपनाई जा रही सावधानियों की अब भी जरूरत है। लॉकडाउन खुलने के बाद लोग यह समझ रहे हैं कि कोरोना समाप्त हो गया है। लेकिन यह उनका भ्रम है। इसलिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क लगाने तथा हाथों को सैनिटाइज करने के साथ ही अन्य सावधानियां बरतने की जरूरत है। यह बातें जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया की सीएमएस डा. उषा यादव ने कही। उन्होंने बताया कि कोरोना को लेकर कई जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है जो कि भ्रामक भी हो सकती हैं। लॉकडाउन में छूट मिलने के कारण लोग लापरवाह हो चुके हैं। ऐसे में संक्रमण के बढ़ने का खतरा बरकरार है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों में ही अब तक कोरोना के संक्रमण पाये गए हैं। कहा कि सावधानी न बरतने पर कोरोना का सामुदायिक फैलाव हो सकता है। इससे बचाव के लिए शारीरिक दूरी बनाना, मास्क लगाना तथा हाथों को धोना जरूरी है। सादा तथा पौष्टिक भोजन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विटामिन-सी के सेवन से कोरोना को हराने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त फाइबरयुक्त भोजन तथा प्रोटीन का सेवन इम्युनिटी को बढ़ाने में कारगर सिद्ध होगा।