पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में रेलकर्मियों के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडलीय अस्तपाल में भर्ती छह कोरोना संक्रमित बृहसपतिवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। वहीं मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने रेलकर्मियों से कोरोना के लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करने को कहा। बताया कि मंडल में रेलकर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सभी सावधानी बरती जा रही है। पीडीडीयू रेलवे मंडलीय लोको अस्पताल के कोविड नोडल अधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि मंडल के अस्पतालों में ऑक्सीजन और मानक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। कार्य स्थल और कॉलोनियों में साफ सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अस्पताल में मरीजों को पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। कोरोना को देखते हुए रेलकर्मियों के लिए टेलीफोन के माध्यम से भी चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा चालू की गई है। मंडल के चिकित्सक कोरोना ग्रस्त रेल कर्मियों व उनके परिजनों के इलाज में 24 घंटे कार्यरत हैं तथा होम आइसोलेशन में रह रहे हैं मरीजों को टेली कंसल्टेशन के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। होम आइसोलेशन वाले मरीजों से हर दिन फोन पर संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है। फिलहाल मंडल रेल चिकित्सालय में कोरोना पॉजिटिव व कोरोना सस्पेक्ट मिलाकर 30 मरीज भर्ती हैं। कोरोना से बचाव को देखते हुए नॉन कोविड लोगों एवं मरीजों के परिजनों आदि की सुविधा के लिए मंडल रेल चिकित्सालय में शेड की ओर आज एक वाटर कूलर भी लगाया गया है। सभी रेलकर्मियों को कोरोना से बचाव उपायों को लेकर निरंतर जागरूक किया जा रहा है। डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि कोरोना का कोई भी लक्षण प्रकट होने पर तुरंत अपने आपको औरों से अलग करें, डॉक्टर से सलाह लें तथा कोरोना की जांच अवश्य कराएं। ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर के माध्यम से निरंतर ऑक्सीजन का लेवल व बुखार की जांच करते रहें। डॉक्टर की सलाह से ही दवाओं का सेवन करें। पौष्टिक आहार लें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। ऑक्सीजन का लेवल 94 से कम होते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। 90 से कम ऑक्सीजन लेवल होने पर किसी भी हालत में घर पर न रहें और अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराएं। डॉक्टर द्वारा बताए गए दवाओं का ही सेवन करें। कभी भी स्वयं इलाज न करें।