पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर 328 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सिक्स लेन का निर्माण कार्य रुक गया है। भुगतान के अभाव में मार्ग के 300 से ज्यादा पेड़ों को काटने, बिजली के पोल और पाइप लाइन को हटाने का कार्य नहीं हो पाया। भुगतान होने के बाद इन कार्यों में दो से तीन महीने लगेंगे। पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक की सड़क को करोड़ से सिक्स लेन बनाने का कार्य 26 अक्टूबर 2022 के बाद शुरू हुआ। यह कार्य अप्रैल 2024 तक पूरा हो जाना है। सड़क के दोनों तरफ दो लेन की खोदाई की गई। इससे पड़ाव से डांडी तक दोनों तरफ गड्ढे और सड़क पर मिट्टी के ढेर लग गया है। इसी बीच दो महीने पहले कार्य बंद हो गया। कार्यदायी संस्था एप्को के अधिकारियों के अनुसार मार्ग पर करीब 300 से ज्यादा पेंड़ों का काटने, बिजली के पोल और पानी की पाइप लाइन को हटाने का कार्य पहले ही होना था लेकिन संबंधित विभाग को भुगतान न होने से यह कार्य नहीं हो पाए। अब भुगतान के बाद पेड़ों को काटने का कार्य आरंभ होगा लेकिन यह सब करने में दो से तीन महीने लग जाएंगे। इसके बाद ही सड़क का निर्माण शुरू होगा।
इनसेट......
भुगतान में देरी से लटका कार्य
दरअसल सड़क निर्माण को लेकर कंपनी व शासन के बीच हुए समझौते के अनुसार पीडब्ल्यूडी को पेड़ों, खंभों, पाइप लाइन व अन्य सरकारी निर्माणों को हटवाना था। इसके लिए संबंधित विभाग को नुकसान की भरपाई करने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को पूरी करनी थी। साथ ही एनओसी भी लेनी थी। हालंकि देर ही सही, पीडब्ल्यूडी ने सभी विभागों को भुगतान कर दिया है। कार्यदाई संस्था एप्को के कर्मियों ने बताया कि अब शीघ्र ही पेड़ों को काटने, खंभों को हटाने व अन्य सरकारी निर्माणों को हटाकर सड़क का निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा।
इनसेट......
धूल फांक रहे स्कूली बच्चे और लोग
सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देर का खामियाजा स्कूली बच्चों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। कार्य आरंभ होने के बाद सड़क चौड़ीकरण को लेकर पड़ाव से चंदासी कोल मंडी तक सड़क के किनारे गड्ढे खोद दिए गए हैं। इन गड्ढों के किनारे जमा मिट्टी से धूल उड़ रही है। जिससे राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वहीं पिछले दिनों हुई बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है। इससे राहगीर व स्कूली बच्चे गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क नहीं बनानी थी तो गड्ढे खोदकर छोड़ देने का क्या औचित्य है।
कोट.........
पेड़ों को काटने, खंभे हटाने का कार्य पहले ही करना था पर भुगतान न होने से ये कार्य नहीं हो पाए। इससे दो महीने से कार्य रूके थे। अब संबंधित विभाग को भुगतान हो गया है। शीघ्र ही मशीनों से पेड़ों को काटने और खंभों को हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू होगा। विलंब की भरपाई की जाएगी और क्षमता बढ़ाकर नियत समय से सड़क का निर्माण पूरा कराया जाएगा।सुनील राठौड़, साइट इंजीनियर, एप्को कंपनी।