पड़ाव। उत्तर रेलवे के व्यासनगर रेलवे स्टेशन पर तैनात शंटमैन की बुधवार की सुबह मालगाड़ी पास कराने के दौरान चपेट में आने से मौत हो गई। शंटमैन की मौत से अन्य रेलकर्मियों में खलबली मच गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से बिहार के आदर्श विद्यालय रामगढि़या आरा निवासी मुहम्मद राकेश अली (42) पिछले छह वर्षों से व्यासनगर रेलवे स्टेशन पर शंटमैन के रूप में तैनात था। बुधवार की भोर में छह बजे वह मालगाड़ी को पास करा रहा था। इसी बीच अप लाइन पर आई मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। शंटमैन की मौत से अन्य रेलकर्मियों ने खलबली मच गई। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को दी। इस पर वाराणसी से आई जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। वहीं इस घटना की सूचना राकेश के परिवार वालों को दी गई। रेलकर्मियों ने बताया कि मुहम्मद राकेश अली ने अपनी बेटी आश्मिन की शादी दो माह पहले मार्च माहीने में की थी। घर में पत्नी नुरजहां, बेटा अरमान 18 और फरहान आठ वर्ष है। सबका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।