टांडाकला के तिवारी टोला श्री ब्रह्म बाबा मंदिर पर हवन पूजन करते भक्त। संवाद
- फोटो : Samvad
श्रावण मास के पावन अवसर पर तिवारी टोला स्थित श्री जयनाथ ब्रह्म बाबा का दो दिवसीय शृंगारोत्सव सोमवार को हवन-पूजन के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। उत्सव के पहले दिन पंडित हरिनारायण पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद अखंड हरिकीर्तन शुरू हुआ। मुगलसराय से पहुंचे कलाकारों ने भक्ति गीतों और हरिकीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नगाड़े की थाप और हरि नाम के जयघोष से देर रात तक माहौल भक्तिमय बना रहा। कलाकारों के साथ श्रद्धालु भी भक्ति में झूमते नजर आए। सोमवार को दूसरे दिन हवन-पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन हुआ। इस अवसर पर तिवारी परिवार की ओर से बाबा को 21 किलो लड्डू का विशेष भोग अर्पित किया गया। पूजन के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अजय तिवारी, इंद्रसेन तिवारी, संजय तिवारी, विजय तिवारी समेत तिवारी परिवार के नवयुवकों और स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग रहा।