ओबरा तापीय परियोजना के चकाड़ी स्थित ऐश वाटर रिसर्कुलेशन सिस्टम प्लांट से रविवार की रात लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।यह प्लांट रेणुका नदी के पार चकाड़ी क्षेत्र में स्थापित किया गया है। इसका मुख्य कार्य परियोजना से निकलने वाले राख युक्त पानी को शुद्ध करना है। शुद्ध किए गए पानी को फिर से उपयोग में लाने योग्य बनाया जाता है। चोरों ने रविवार की रात ऐश वाटर रिसर्कुलेशन सिस्टम के परिसर में सेंध लगाई। उन्होंने वहां रखे पंप के तीन शाॅफ्ट चुरा लिए। इसके साथ ही दो बेयरिंग और एक चेन ब्लॉक भी गायब कर दिया। चोरों ने कई पाइप और अन्य महत्वपूर्ण सामान भी चुराए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में कबाड़ की दुकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। चोरी का सामान कबाड़ के कारोबार के माध्यम से खपाया जाता है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। एसओ सदानंद राय ने बताया कि चोरी के मामले की छानबीन की जा रही है।