पीडीडीयू नगर। जिले में भीषण गर्मी और लू से मौत का सिलसिला थम नहीं रहा। बीते 24 घंटे में सात लोगों की जान चली गई। पांच लोगों की रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रा के दौरान मौत हो गई। मरने वालों में छह लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीडीडीयू नगर के काली महाल आनंद नगर में राजू कुमार सिंह की मौत लू से जान चली गई। राजू के भाई सत्येंद्र कुमार ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई मानसिक रूप से बीमार था और लू से उसकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, मंगलवार को सुबह जीटीआर ब्रिज के नीचे पुलिस कॉलोनी के पास 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। रेलवे चौकी इंचार्ज हेमंत यादव मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लू से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई है। इसके पूर्व सोमवार को पीडीडीयू जंक्शन के डीजल कॉलोनी वेस्ट केबिन के पास 52 वर्षीय व्यक्ति को शव मिला। इसकी भी शिनाख्त नहीं हो पाई। सोमवार को शाम सवा चार बजे चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन पर 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं, शाम छह बजे पीडीडीयू जंक्शन के रेलवे ओवरब्रिज पर 55 वर्षीय व्यक्ति को शव पाया गया। गंजख्वाजा रेलवे स्टेशन पर रात आठ बजे 50 वर्षीय महिला ट्रेन का इंतजार कर रही थी। अचानक वह अचेत हो गई। जीआरपी कर्मी उसे लेकर अस्पताल जाने लगे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, रात में पीडीडीयू जंक्शन पहुंची पटना-पीडीडीयू एक्सप्रेस के जनरल कोच में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पाया गया। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी यात्रियों की मौत लू से होने की आशंका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।