नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया गांव में रामनिवास यादव के खेत में सुबह ट्रैक्टर ट्राली पर रखी गेहूं की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर सात बीघा गेहूं की फसल धू-धूकर जल गई। आग से पास में रखी चार बीघे पराली भी राख हो गई। परसिया गांव के रामनिवास यादव के सात बीघे खेत की गेहूं की फसल काटकर ट्रैक्टर ट्राली पर रखी गई थी, जिसमें बृहस्पतिवार को आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन दमकलकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे आग बढ़ती चली गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली और पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद लेखपाल सद्दाफ खान मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। एसडीएम आलोक कुमार ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद किसान को सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।