चंदौली। मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक हुई। इसमें किशोर-किशोरी सशक्तीकरण व बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला शक्ति केंद्र एवं वन स्टॉप सेंटर के बाबत चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ एके श्रीवास्तव ने कहा कि बाल विवाह रोकथाम व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संबंध में विभागों को दिए गए कार्य योजना के अनुसार जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए व व्यापक प्रचार-प्रसार की जाए। कहा कि सभी विभाग किशोर किशोरी सशक्तीकरण, बाल विवाह को रोकने व बाल अपराध के खिलाफ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान को शासन के निर्देशानुसार सभी संबंधित विभाग निर्धारित कार्यक्रमों को आवश्यक रूप से कराएं एवं जागरूकता संबंधित कार्यक्रमों का प्रचार- प्रसार व्यापक रूप से कराएं इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।