इलिया। स्थानीय कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में संविदा पर नियुक्त सफाई कर्मी संदीप कुमार (26) ने मंगलवार को सुबह बैंक के स्टोर रूम में रस्सी के फंदा बनाकर उस पर लटक कर जान दे दी। काफी देर तक रूम का दरवाजा न खुलने पर बैंक कर्मियों ने अंदर झांक कर देखा तो संदीप फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सफाईकर्मी संदीप ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चला। बिहार के चांद थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी हनुमान के छह पुत्रों में संदीप दूसरे नंबर पर था। वह वर्ष 2012 से पंजाब नेशनल बैंक में संविदा पर सफाई कर्मी नियुक्त था। उसकी शादी चार माह पहले बिहार के लखनपुर गांव में भगवानी देवी के साथ हुई थी। सुबह संदीप घर से खाना खाने के बाद बैंक के लिए निकला और बैंक में नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कन्हैया प्रसाद से चाबी लेकर बैंक की सफाई करने के लिए अंदर चला गया। काफी देर तक उसका पता न चलने पर बैंक कर्मी उसकी खोजबीन करने लगे। तब तक बैंक के सभी कर्मचारी आ गए बाहर से दरवाजा बंद देख किसी अनहोनी आशंका से चिंतित हो गए। दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को सूचना देते हुए पीछे के रास्ते से बैंक में प्रवेश किया गया। बैंक के स्टोर रूम में संदीप के फंदे के सहारे लटकता मिला। यह देख सभी कर्मी अवाक रह गए। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी शेषमणि पाठक, एडिशनल एसपी सुखराम भारती मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गए। मौत की खबर पाते ही पत्नी भागमनि और माता कमलावती का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। मृतक के पिता हनुमान की मौत भी एक दशक पूर्व विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई थी। शाखा प्रबंधक अविनाश रंजन ने बताया कि संदीप बैंक के समय में बराबर तैनात रहता था। उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया समझ के परे है। अपर पुलिस अधीक्षक सुखराम भारती ने बताया की पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।