नियामताबाद। अलीनगर थाने की पुलिस ने मंगलवार को अवैध रूप से शराब बेचने वाले सेल्समैनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने रेमा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पीछे अवैध रुप से शराब बेच रहे देसी शराब की दुकान के सेल्समैन को 62 शीशी देसी शराब संग गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीते दिनों अवैध रूप से रेमा के पास शराब बेचने वाले सेल्समैन का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद से ही पुलिस की टीम अभियान चलाकर लगातार चोरी-छिपे शराब बेचने वालों की धर-पकड़ में जुट गई है। अवैध शराब बेचे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलवार को रेमा गांव स्थित अंग्रेजी शराब के दुकान के पीछे छापेमारी की। यहां 62 शीशी देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने खुद को रेमा स्थित देसी शराब की दुकान का सेल्समैन बताया। लॉकडाउन के कारण दुकान पहले ही बंद हो जा रही है। इस कारण वह दुकान बंद होने से पूर्व ही अधिक मात्रा में झोले में शराब लेकर ऊंचे दाम पर बेचता है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी बबुरी थाना क्षेत्र का मवइया निवासी सत्येंद्र जायसवाल है। उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।