पडाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पड़ाव-रामनगर मार्ग पर भोजपुर गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान से रविवार की रात चोरों ने गल्ले में रखे 1.69 लाख रुपये चुरा लिए। सुबह सेल्समैन जब दुकान पर पहुंचा तो चोरी का पता चला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
कंदवा निवासी अजय राय की भोजपुर गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान है। दुकान पर चंदौली जिले के जगदीशपुर निवासी प्रदीप यादव सेल्समैन का कार्य करता है। दुकान के संचालक अजय राय ने बताया कि रोजाना बिक्री का पैसे प्रबंधक विनोद कुमार एकत्र करते हैं। शनिवार और रविवार को पैसा लेने विनोद नहीं पहुंचे। दो दिन के बिक्री के 1.69 लाख रुपये गल्ले में रखे थे। रविवार की रात सेल्स मैन दुकान बंद कर रतनपुर गांव में रिश्तेदार के यहां चला गया। सोमवार की सुबह सेल्समैन प्रदीप जब दुकान पर पहुंचा तो शटर खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखा सारा पैसा गायब था। सेल्समैन घटना कि जानकारी अपने मालिक व पुलिस को दी। चोरी की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जलीलपुर पुलिस ने मौका का मुआयना कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जलीलपुर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित के तहरीर पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।