चहनिया। रामगढ़ मठ पर बाबा कीनाराम जन्मोत्सव और मेले के मद्देनजर एक से तीन सितंबर तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत सभी प्रकार के वाहन बदले मार्ग से संचालित होंगे। वहीं, 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। शुक्रवार को डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कीनाराम मेले की तैयारियां शनिवार तक पूरी कर ली जाएंगी। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया है। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि चहनियां चौराहे और धानापुर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए नवोदय विद्यालय बैराठ में पार्किंग बनाई गई है। नवोदय विद्यालय से बाबा कीनाराम मठ की तरफ किसी प्रकार का वाहनों का संचालन नहीं होगा। सराय रसूल तिराहे से बाबा कीनाराम मठ जाने वाली सड़क के किनारे किसी भी प्रकार के वाहन खड़े नहीं होंगे। चहनिया चौराहे की तरफ से सैदपुर से आने वाले वाहन यूनियन बैंक रामगढ़ में रोक दिए जाएंगे। बैंक से कीनाराम मठ की तरफ कोई वाहन नहीं जाने दिया जाएगा।
इसी तरह पलिया के तरफ से आने वाले वाहन आईटीआई के पास खड़े किए जाएंगे। लक्ष्मणगढ़ से रंइया चौराहा होकर कीनाराम मठ जाने वाली सड़क को आपातकाल मार्ग बनाया गया है। इस मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों का संचालन नहीं होगा।
इनसेट-
चप्पे-चप्पे पर होगी सुरक्षाकर्मियों की नजर
कीनाराम जन्मोत्सव और मेले में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 500 पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखेंगे। छह क्षेत्राधिकारी, 11 निरीक्षक, 109 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 337 आरक्षी, 54 महिला आरक्षी, 27 यातायात पुलिसकर्मी, दो प्लाटून पीएसी और अग्निशमन दस्ता तैनात रहेगा।