पीडीडीयू नगर। जिले में मौसम ने फिर करवट बदली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार की रात साढ़े नौ बजे से बारिश शुरू हो गई जो रविवार को भी होती रही। दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे और रुक रुककर बूंदाबांदी होती रही। हालांकि इस दौरान ठंड में विशेष बढ़त नहीं होगी। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम 25 डिग्री पर बना रहा।
बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर जाने और कीचड़ जमा हो जाने से लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। हल्की बारिश में ही जिले की कई सड़कों पर पानी भर गया। सबसे ज्यादा खराब हाल पड़ाव से चंदासी कोल मंडी तक जीटी रोड का रहा। सिक्स लेन के लिए खोदी गई सड़कों पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नगर पालिका व नगर पंचायतों की सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वार्ड के लोगों को कीचड़ भरे रास्तों से आवागमन करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में तो सड़कों की दशा बारिश के बाद बिल्कुल दयनीय बन गई है। कच्ची-पक्की सड़कों पर फिसलन बन जाने से लोग गिरकर चोटिल होते रहे। हालांकि बारिश के बाद तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा।
इनसेट........
लोट गई गेहूं की फसल, सरसों के गिर गए फूल
फरवरी से लेकर अब तक पांच बार बारिश हो चुकी है। शनिवार की रात बारिश से कई खेतों में गेहूूं की फसल लोट गई। वहीं सरसों, अरहर की को भी नुकसान हुआ है। सरसों की फसल में फूल निकलने लगे हैं। बारिश के कारण फूल झड़ जाने और माहो कीट का प्रकोप बढ़ने से सरसों की फसल के उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
इनसेट......
जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव
दुलहीपुर। शनिवार की रात और शनिवार की सुबह हुई बारिश के बाद क्षेत्र की सड़कों पर जलभराव हो गया। पानी, कीचड़ और गंदगी के कारण राहगीरों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के चांदनी मार्केट, जीटी रोड, सतपोखरी, महाबलपुर व चंदासी कोल मंडी में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के बाद हालत दयनीय हो जाती है। इससे साइकिल व बाइक चालकों के अलावा पैदल आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कोट....
न्यूनतम तापमान में बढ़त होने के कारण रात के समय वातावरण में उमस का प्रतिशत बढ़ गया है। इससे हवा में असंतुलन के साथ पश्चिम की हवा में दबाव बढ़ा है। इस कारण बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, राज्य कृषि व मौसम विभाग।