पीडीडीयू नगर। चंदासी कोल मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पुराना पोखरे का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। सिक्सलेन का निर्माण करा रही संस्था सड़क का मलबा पोखरे पर फेंक रही है। पुराने डिवाइडर को जेसीबी से उखाड़कर सीधे पोखरे में डाल दिया जा रहा है। हनुमान मंदिर के पास स्थित पोखरा अतिक्रमण और गंदगी की वजह से सिकुड़ता जा रहा है। विडंबना यह कि जिले में अमृत योजना के तहत सैकड़ों तालाबों का सुंदरीकरण किया गया लेकिन इस पर प्रशासन की नजर नहीं पड़ी। इधर, पड़ाव से गोधना तक सिक्स लेन के निर्माण के तहत चंदासी कोल मंडी में पुरानी सड़क और उसके डिवाइडर को उखाड़ा कर पूरा मलबा पोखरे में फेंका जा रहा है। इससे पोखरा मलबे से भरता जा रहा है। पिछले दो दिनों से यह सिलसिला जारी है। पोखरे में डिवाडर के बड़े-बड़े टुकड़े डाले गए हैं, जो ऊपर तक दिख रहे हैं। सड़क की तरफ से पोखरे का बड़ा भाग मलबे से भर गया है।