इलिया के डेहरी खुर्द में युवक की मौत के बाद मौजूद पुलिस।
- फोटो : CHANDAULI
इलिया । थाना के इलिया-चकिया मार्ग पर शनिवार की रात डेहरी खुर्द गांव के पास बाइक सवार ने एक युवक को धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस जीप पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने धक्का मारने वाले बाइक सवार को नामजद करते हए 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इलिया कस्बा से सटे सीमावर्ती बिहार प्रांत के चांद थाना अंतर्गत चंदा गांव निवासी मजदूर सुरेंद्र राम का पुत्र दीपक (22) अपने साथियों के साथ रोज की तरह शाम को टहलने निकला था। इसी बीच डेहरी कला गांव निवासी दो युवक बाइक से जा रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और दीपक उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीपक को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में ही दीपक ने दम तोड़ दिया। परिजन रोते बिलखते चिकित्सालय पहुंच गए। मृतक के साथियों ने बाइक सवार को पिटाई कर उसे बंधक बना लिया। बाद में बाइक चालक को छोड़ देने उन्होंने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया। लोगों का आरोप था कि सूचना पर पीड़ित परिवार से मिलने गए बिहार के चैनपुर के नवागत विधायक जमा खां ने परिजनों को सांत्वना दी लेकिन पुलिस के कहने पर बंधक बनाए बाइक चालक को छुड़वा दिया। जिससे नाराज ग्रामीणों ने इलिया स्थित बस स्टैंड के समीप पहुंचकर पुलिस की खड़ी जीप पर पथराव कर दिया। चंदा गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सीओ चकिया प्रीति त्रिपाठी के अलावा शहाबगंज, चकिया तथा बिहार के कैमूर जिले के चांद थाना की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गयी। सीओ प्रीति त्रिपाठी के निर्देश पर पुलिस ने बाइक चालक के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत करने के अलावा 40 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया।