नियामताबाद। लौंदा गांव में मोहर्रम के पचासे पर 23 अगस्त को निकलने वाले जुलूस की तैयारी का जायजा बृहस्पतिवार को पीडीडीयू नगर के सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने लिया। अधिनस्थों के साथ सुरक्षा व्यवस्था काे परखा जायजा लिया। वहीं कर्बला के साथ जुलूस के मार्ग की जानकारी ली। लौंदा गांव में कर्बला के शहीद इमाम हुसैन की याद में मोहर्रम के पचासे पर 23 अगस्त को आलम और ताजियां का जुलूस उठाया जाएगा। वहीं रात में बाहर से आयी अंजुमनें नौहाख्वानी और मातम करेंगी। जबकि 24 अगस्त को दोपहर दो बजे ताजिया का जुलूस निकलेगा और इमाम बाड़े पर जाकर समाप्त होगा। अंजुमन जौव्वादिया के नायब सदर अशरफ जमाल ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी पचासे का जुलूस निकाला जाएगा। वहीं रात 9 बजे ताजिया का जुलूस स्वर्गीय सगीर दादा के दरवाजे से इमाम चौक तक अंजुमन जौव्वादिया के अजादार लेकर निकलेंगे। इसके बाद ताजिए को इमाम चौक पर बैठाया जाएगा। इसके अलावा रात में ही अंजुमन जाफरिया जौनपुर, अंजुमन यादगार हुसैनी कोल्हुआ मिर्जापुर, अंजुमन जवादिया पितरकुन्डा बनारस व गुलामाने मुस्तफा शकूराबाद चंदौली नौहाख्वानी व मातमजनी करेंगी। इस मौके पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय. अंजुमन जौव्वादिया के आसिफ इकबाल. तुफैल अहमद राजू. सद्दाम हुसैन. मुजीब मिल्की आदि थे।