एटीएम के बाहर पैसा निकालने के लिए कतार में खड़े लोग।
माह के चौथे शनिवार होने की वजह से बैंकों में बंदी रही। ऐसे में लोग एटीएम शाखाओं पर पहुंचे लेकिन शनिवार को एटीएम शाखाओं ने भी धोखा दे दिया। इससे लोग परेशान हुए और बैंक को कोसते हुुए वापस लौटे। शनिवार को भी जिले के अधिकतर एटीएम बंद रहे। आठ नवंबर को पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बंदी घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री ने एटीएम से प्रतिदिन दो हजार के निकासी की घोषणा की थी लेकिन एटीएम के साफ्टवेयर में जरूरी संशोधन न होने की वजह से अधिकतर बैंकों के एटीएम शाखाएं अभी तक काम नहीं कर रही हैं। बैंकों में भी पैसा कम होने की वजह से अधिकारियों ने जमा निकासी के लिए सीमा निर्धारित कर दी है। ऐसे में एटीएम ही एक मात्र सहारा है। शनिवार को लोग एटीएम शाखाओं तक पहंचे लेकिन जनपद के 74 शाखाओं में अधिकतर के शटर गिरे रहे। नगर में स्टेट बैंक आफ इंडिया की एक शाखा से महज धन निकासी हुई। बचे हुए एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, आदि के एटीएम शाखाओं में धन निकासी शुरू हुई है। विजया बैंक, इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, सिंडीकेट बैंक, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, यूनियन बैंक, बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौरा, केनरा बैंक सहित अन्य बैंकों के एटीएम काम नहीं कर रहे हैं। जनपद में कुल 74 एटीएम लगे हुए हैं। इसमें सर्वाधिक एटीएम मुगलसराय शहर में ही लगे हुए हैं, लेकिन एटीएम शोपीस बने हुए हैं।