चंदौली। जनपद के छोटे किसानों के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब 60 कुंतल या उससे कम धान को क्रय केंद्र पर बेचने के लिए जद्दोजहद कर रहे किसानों की उपज अतिरिक्त कांटे पर बिना किसी प्रतीक्षा के खरीद की जाएगी। डीएम ईशा दुहन ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिया।
डीएम ईशा दुहन ने कहा कि जिन किसानों का 60 कुंतल या उससे कम है, उनकी धान की खरीद बिना प्रतीक्षा किये अतिरिक्त कांटे पर की जाएगी। ऐसे किसान अपने नजदीकी धान क्रय केंद्र पर जाकर धान की तौल करा सकते हैं। पिछले वर्ष किसानों ने धान की उपज बेचने के लिए लंबा संघर्ष किया और उन्हें काफी भाग-दौड़ करनी पड़ी थी। ऐसे में डीएम का इस निर्णय से उन्हें काफी राहत मिलेगी। डीएम ने अपील किया कि किसान अपने धान को अच्छी तरह साफ और सुखाकर क्रय केंद्रों पर ले जाएं। यदि क्रय केंद्रों पर किसी भी तरह की समस्या होती है तो उससे अवगत कराएं। कहा कि धान खरीद में किसी भी तरह से लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।