पीडीडीयू नगर । पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित पार्कों के सौन्दर्यीकरण को लेकर हुए कार्यों व बिल भुगतान को लेकर उठाये गये सवाल पर जेई और सभासदों के बीच रार ठन गई है। सभासदों द्वारा कार्य के मानक पर उठाये गये सवाल पर जेई ने सभासद सुनील विश्वकर्मा को पत्र भेजकर उन्हें टेक्निकल जानकारी नहीं होने का हवाला देते हुए मानक पर जानकारी तीन दिनों के भीतर मांगी है। वहीं सभासद ने जेई के पत्र के सापेक्ष बृहस्पतिवार को जवाब देते हुए पार्क सौन्दर्यीकरण पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं। अमृत योजना के तहत पीडीडीयू नगर स्थित चार पार्कों का सौंदर्यीकरण एक करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके तहत पार्कों की बांउड्रीवॉल निर्माण से लेकर इंटरलॉकिंग समेत अन्य सामान लगाये जाने है। 21 मई को सभासद सुनील विश्वकर्मा के लेटर पैड पर 22 सभासदों ने हस्ताक्षर कर पार्क सौन्दर्यीकरण का कार्य स्वीकृत स्टीमेट के अनुरूप नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इसके बाद भी ठेकेदारों को निर्माण विभाग के जेई की अनुशंसा पर आंबेडकर, दीनदयाल उपाध्याय व सुभाष पार्क में हुए कार्यो पर रनिंग पेमेंट कर दी गई है। पत्र मिलने के अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र की ओर से नगर पालिका के जेई मुरलीधर को जवाब मांगा । इस मामले में जेई ने 22 जून को सभासद सुनील विश्वकर्मा को अधिकारिक पत्र जारी कर कार्य के सापेक्ष किये गये भुगतान पर विस्तृत जानकारी दी है। पत्र में उन्होंने कई टीमों द्वारा जांच के उपरांत भुगतान की बात भी कही है। वहीं इस पत्र के माध्यम से उन्होंने सभासद को टेक्निकल ज्ञान नहीं होने का बात कहते हुए मानक की जांच एवं अन्य आवश्यक जानकारी मांगी है। जेई ने सभासद से पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। पत्र प्राप्त होने के बाद सभासद सुनील विश्वकर्मा ने बृहस्पतिवार को जवाब देते हुए पार्को से सौन्दर्यीकरण के कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्को के बाउंड्रीवाल पर प्लास्टर पर ही सवाल खड़े करते हुए फर्म को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है।