सैयदराजा में बनेगी पूर्वांचल की पहली हाईटेक राइस मिल
- फोटो : अमर उजाला
कृषि प्रधान जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। सैयदराजा में 15 करोड़ की लागत से पूर्वांचल की पहली हाईटेक राइस मिल बनने जा रही है। 20 बीघे में बनने वाली मिल में अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। पूर्वांचल एग्रो कलस्टर राइस मिल के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। राइस मिल शुरू होने से पूर्वांचल और बिहार के किसानों को सहूलियत होगी। वहीं, चावल के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
चंदौली में बड़े पैमाने पर धान की खेती होती है। इसको देखते हुए जिला उद्योग विभाग ने सैयदराजा में पूर्वांचल की पहली हाईटेक राइस मिल लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। 15 करोड़ रुपये की लागत से करीब 20 बीघे में बनने वाली मिल के लिए विदेश से मशीनें मंगाई जाएंगी।
मिल के लिए 13.5 करोड़ रुपये केंद्र और राज्य देगी। बाकी डेढ़ करोड़ रुपये का निवेश मिल सोसायटी करेगी। शासन से पिछले हफ्ते जिला उद्योग विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई। अब बजट मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
किसानों की सुविधा और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए पूर्वांचल एग्रो कलस्टर राइस मिल के निर्माण के लिए परियोजना तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिसे मंजूरी मिल गई है। बजट मिलने का इंतजार है। आधुनिक सुवधिाओं से युक्त मिल से पूर्वांचल के ही किसानों को नहीं बल्कि बिहार के किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
-सिद्धार्थ यादव, उपायुक्त, जिला उद्योग