फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारूद के ढेर पर पीडीडीयू नगर : 4 फीट की संकरी गलियों में चल रहे 8 बड़े बाजार, 4 होटल

विज्ञापन
पीडीडीयू नगर के वेस्टर्न बाजार ​स्थित सकरी गली में सजे बाजार। संवाद
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। नगर के 8 बड़े बाजार 4-5 फीट की संकरी गलियों में चल रहे हैं, जहां 400 से अधिक दुकानें और रोज 3,000 से ज्यादा लोगों की भीड़ के कारण बड़ा सुरक्षा खतरा मंडरा रहा है। इन तंग गलियों और अवैध अतिक्रमण के बीच चल रहे बहुमंजिला होटल व व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स किसी भी आपातकालीन स्थिति (विशेषकर आग) में राहत और बचाव कार्यों को असंभव बना सकते हैं। चिंता की बात यह है कि नगर के संकरे बाजारों में चार बड़े होटल भी चलते हैं। व्यावसायिक कॉम्पलेक्स और सैकड़ों दुकानों के संचालन के साथ ही कई नए निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। कई स्थानों पर गलियां इतनी संकरी हैं कि छोटे वाहन तक मुश्किल से निकल पाते हैं। ऐसे में यदि किसी होटल, दुकान या भवन में आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड के पहुंचने में बड़ी दिक्कत हो सकती है। पीडीडीयू नगर के धर्मशाला रोड के अंदर महज चार फीट चौड़ी गली में पूर्वांचल की सबसे बड़ी खोवा मंडी संचालित होती है। यहां हमेशा आग का काम होता है। इसके बावजूद किसी दुकान पर अग्निशमन यंत्र नहीं है। यहां आग लगने पर फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच पाएगी और आसपास 100 से ज्यादा भवन होने से काफी जान-माल का नुकसान होगा। नगर के धर्मशाला गली में ही नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर का कार्यालय है। हालांकि कार्यालय के लिए दूसरी तरफ से सड़क आती है लेकिन धर्मशाला गली में सब्जी मंडी में दोनो तरफ की दुकानें एक दूसरे से सटी हुई है। नगर का पोस्ट ऑफिस भी चार फीट चौड़ी गली में है। अगर पोस्टऑफिस में आग आदि की घटनाएं होती हैं तो फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाएगा। परमान कटरा नगर का प्रमुख बाजार है। इस कटरे में 200 के करीब कपड़ा, स्टेशनरी, शृंगार, ज्वेलरी, जूता-चप्पल की दुकानें हैं लेकिन इसकी गली जितनी अंदर जाती है, बाजार उतना ही बढ़ता जाता है। स्थिति यह है कि अंदर चार से पांच फीट चौड़ी गली में बड़े कॉम्प्लेक्स का भी निर्माण हो रहा है। लगभग काम पूरा हो गया है। ऐसे में यहां आग लगने पर लोगों के बचकर भागने में भी दिक्कत होगी। पीडीडीयू नगर के वेस्टर्न बाजार की गली कई जगह महज तीन फीट चौड़ी है। लेकिन दुकानें दोनों तरफ 100 से ज्यादा हैं। खास बात यह कि यहां अच्छी खासी आबादी भी निवास करती है। किसी अनहोनी की दशा में यहां फायर ब्रिगेड का पहुंच पाना तो दूर, गली संकरी होने के कारण लोगों को बचकर भागने का मौका भी नहीं मिल सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें