नौगढ़। विकास खंड क्षेत्र के चिकनी गांव में एक सप्ताह पहले 16 केवीए का ट्रांसफार्मर धू- धू कर जल गया था। अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से परेशानी हो रही है। जिसे लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर के समक्ष खड़े होकर प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर बनवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। अधिकारियों को ऑनलाइन व मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदला गया है। लोगों ने कहा कि यदि हालात यही रहे तो उन्हें आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। इन लोगों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। इस दौरान प्रदर्शन में सुदामा यादव, भोरिक यादव, बृजेश, विकास, अंकित, लवकुश, विवेक, साधु, बासमती, मनोज, बसंती शामिल रहे।