पीडीडीयू नगर। भीषण गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती के कारण लोग बेहाल हैं। कहीं ट्रांसफार्मर जलने तो कही जर्जर तारों के टूटने, डीओ व जंफर उड़ने के कारण लोगों घंटों बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है। इससे परेशान सुभाष नगर वार्ड के लोगों ने एक्सईएन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही एक्सईएन मनोज कुमार सिंह को पत्रक देकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि ब्रह्म बाबा मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता कम है। इसलिए लोड बढ़ने पर ट्रांसफार्मर जल जाता है। उन्होंने एक्सईएन से ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की। एक्सईएन ने जेई को फोन कर तत्काल समस्याओं का निराकरण कराने का निर्देश दिया। प्रदर्शन में श्रवण यादव, प्रमोद सिंह, संजय यादव, राजू यादव, अमित सिंह, मोनू गोंड आदि शामिल थे।