चंदौली। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव की मानिटरिंग करने आए पुलिस प्रेक्षक कीर्ति पाल ने सीमा पर पहरा सख्त करने व सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही मुस्तैदी बरतते हुए आचार संहिता के उल्लंघन की सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया।कहा कि चुनाव के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। पुलिसकर्मी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखें। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। इसपर 24 घंटे पैनी नजर रखें। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जाए। किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्ट्रांग रूम के पास न जाने दिया जाए। मतगणना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के तैनाती की रूपरेखा समय रहते तैयार कर लें। कहा कि चुनाव को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। सीमाओं पर पहरा सख्त किया जाना चाहिए। सीमा पर प्रत्येक आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति की जांच करें। शराब की तस्करी पर हर हाल में रोक लगनी चाहिए। अवैध शराब की तस्करी करने वालों को चिह्नित कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। उन्होंने बर्नेबल व क्रिटिकल बूथों पर मुकम्मल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। कहा कि संवेदनशील बूथों पर भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहें। गांवों में सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना या उपद्रव की सूचना तत्काल मिल सके। इस मौके पर एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी चिरंजीवी मुखर्जी, एएसपी नक्सल सुखराम भारती, सीओ अनिल राय, अनिरूद्ध सिंह व अन्य पुलिसकर्मी रहे।
रिपोर्ट- राकेश यादव
संपादन- धनंजय
बाइट- 1569