चकिया। हरियाणा प्रांत के करनाल में किसानों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज से आक्रोशित स्थानीय किसानों ने रविवार को जुलूस निकाला। इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही लाठीचार्ज का आदेश देने वाले एसडीएम को तत्काल निलंबित करने की मांग की। किसानों ने क्षेत्र के सहदुल्लापुर स्थित बुद्धनगर कालोनी कैंप कार्यालय से गांधी पार्क तक अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले जूलूस निकाला। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने हरियाणा में खट्टर सरकार इस्तीफबा दो, करनाल मे किसानो पर चार-चार बार लाठियां चलाने का आदेश देने वाले एसडीएम को बर्खास्त करो के नारे लगाए। जुलूस के बाद हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार तीनों कृषि कानून लागू कर किसानों को प्रताड़ित कर रही है वहीं दूसरी ओर विरोध करने वाले किसानों पर लाठीचार्ज कर उनका दमन कर रही है। आश्चर्य की बात है कि किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री चुप्पी साधे हैं। चेताया कि यदि हरियाणा सरकार मामले को लेकर उचित कदम नहीं उठाती और एसडीएम को बर्खास्त नहीं करती तो किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जुलूस में व सभा में एड.लालचंद, शंभूनाथ, परमानंद, राजेंद्र, मिठाई लाल, सतीश, चौथी पास़वान, भृगुनाथ शामिल थे।