चकिया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार आचार्य ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी ज्वाला प्रसाद और कोतवाल राजेश यादव संग चकिया के कालिका धाम कॉलोनी स्थित अपने आवास पर बैठक की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था के बाबत विचार विमर्श किया।
उप जिलाधिकारी से विचार-विमर्श के दौरान विधायक ने आयुष्मान कार्ड ,प्रधानमंत्री शहरी आवास, ग्रामीण आवास, पौधरोपण, पेंशन, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता अपनाने को कहा और मनरेगा व वित्त आयोग की धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने नगर पंचायत की साफ सफाई सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ने नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर जोर दिया। कोतवाल राजेश यादव को फरियादियों के साथ उचित व्यवहार करने तथा गरीबों एवं पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित करने के साथ ही त्योहारों एवं अन्य समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। मुलाकात के दौरान रामपुर कला प्रधान डॉ केशवमूर्ति पटेल, पूर्व सभासद गौरव श्रीवास्तव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।