प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को भभुआ के सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज के खेल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे भभुआ भगवानपुर स्थित भैरोपुर गांव के समीप हेलीकॉप्टर से लैंड करेंगे । कार्यक्रम में एनडीए के सभी घटक दलों के बड़े नेता के अलावा कैमूर के चारों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी जिला मुख्यालय मैदान में आए थे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कॉलेज के खेल मैदान में तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता तैयारी में जुट गए है। भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 7 नवंबर को पटेल कॉलेज के खेल मैदान पर सुनिश्चित हुआ है। उनके आगमन और सभा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल और सभा स्थल का जायजा लिया।