जिले में 17,556 किसानों पर अल्पकालीन फसली ऋण के 47. 70 करोड़ रुपये बकाया हैं। इनमें 13,305 किसानों पर 31.10 करोड़ रुपये का विभागीय आरसी जारी हो चुका है। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक योगेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में ऋण वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने बैंक और सहकारिता विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को तगादा अभियान तेज कर बकाया ऋण की वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक लाख रुपये से अधिक के सभी बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शित कराने को कहा। साथ ही सभी बैंक शाखाओं पर वॉल राइटिंग के माध्यम से बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक कराने के निर्देश दिए। बैठक में एआर कोऑपरेटिव अमित कुमार पांडेय समेत सहकारिता विभाग के तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।