विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाघी की ग्राम प्रधान नीलम ओहरी ने खंड विकास अधिकारी द्वारा मनरेगा के पक्के काम की स्वीकृति नहीं देने की जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी नौगढ़ से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि मिशन कायाकल्प के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बाघी और बीआरसी के प्रांगण में इंटरलॉकिंग का कार्य कराने की आईडी 11 मार्च को प्राप्त हो चुकी है। इसका इस्टीमेट तकनीकी सहायक ने बना दिया है। कार्य की लागत अधिक होने के कारण पीडब्ल्यूडी विभाग से भी स्वीकृति मिल चुकी है लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण खंड विकास अधिकारी इस काम की स्वीकृति नहीं दे रहे हैं। आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति के प्रधान होने के नाते जब वे ग्राम प्रधान बनी हैं तभी से खंड विकास अधिकारी रवैया उनके प्रति द्वेषपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021- 22 में मनरेगा द्वारा कोई भी पक्का वर्ग का कार्य करने नहीं दिया गया, जिससे उनकी ग्राम पंचायत में अन्य ग्राम पंचायत की अपेक्षा मनरेगा का कार्य कम रहा है। ग्राम प्रधान ने उप जिलाधिकारी आलोक कुमार को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और जिलाधिकारी को डाक द्वारा शिकायत पत्र भेजा है।