चहनियां। क्षेत्र के मजिदहा बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक के दुर्व्यवहार से क्षुब्ध होकर खाताधारकों ने शुक्रवार को शाखा का गेट बद कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे बैंक के रिजनल मंडल प्रबंधक ने खाताधारकों को बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद खाताधारक शांत हुए और गेट खोला। गांव निवासी अतुल सिंह प्रिंस की देख -रेख में शुक्रवार की सुबह ग्रामीण बैंक की शाखा कार्यालय पर पहुंचे और शाखा खोल रहे कर्मचारयों को रोक दिया। इसके बाद शाखा कार्यालय पर अपना ताला जड़ दिया और बैंक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधक कैशर अली हासमी ग्राहकों के साथ बदसलूकी करते हैं। खाता धारकों को अपशब्द बोलना, पासबुक को फेंक देना और ग्राहकों का बाहर निकल देना आदत हो गई है। खाताधारक पासबुक लेकर किसान सम्मान निधि, गैस सिलेंडर की सब्सिडी की जांच के लिए आते हैं लेकिन उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। शाखा के बाहर धरना प्रदर्शन की सूचना पर दोपहर में रिजनल हेड वाराणसी प्रतिभा पांडेय मौके पर पहुंची और बैंक प्रबंधक के खिलाफ जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शाखा का ताला खोलने दिया। इसके बाद बैंक का काम शुरू हुआ। अतुल कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।