चंदौली। जिले में पंचायत चुनाव के लिए 26 को होने वाले मतदान के लिए रविवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने शनिवार को पंचायत चुनाव को लेकर अधीनस्थों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। निर्वाचन कार्य मे लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी समय से अपनी ड्यूटी पर पहुंच कर दिए गये जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर कोई शिथिलता या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनपद में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए रविवार को निर्धारित स्थलों से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। निर्वाचन में लगे समस्त कार्मिक रविवार की सुबह आठ बजे निर्धारित स्थलों पर अनिवार्य रूप से पहुंच कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। अपनी-अपनी पोलिंग दल के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान संबंधित तैयारियों को मुक्कमल कर लें ताकि मतदान की तिथि पर वोट डालने की प्रक्रिया में किसी तरह का कोई विघ्न न आए। चेताया कि आदेश का उल्लंघन करने व चुनाव ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए जाने पर कर्मिकों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।