पीडीडीयू नगर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान शुक्रवार को पहली बार पुलिस फुल एक्शन मोड में दिखी। लापरवाही की शिकायत पर सुबह 11 बजे के करीब पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम विजय नारायण सिंह, सीओ रामवीर सिंह, मुलसराय थाना प्रभारी एन. एन सिंह नगर की सड़कों पर निकले। जो दुकाने खुली मिलीं उनका चालान किया। साथ ही तफरी करने वालों को सख्त हिदायत दिया। अधिकारी पड़ाव क्षेत्र में पहुंचे अधिकारियों ने कोरोना कर्फ्यू के दौरान अनावश्यक रूप से खुली दर्जनों दुकानों का चालान किया। वहीं सड़क पर तफरी करते लोगों की जमकर क्लास लगाई। जिले में काफी तेज गति से बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से बार-बार खुद जागरूक होकर लोगों से कोविड नियमों के पालन करने की अपील की जा रही थी। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। बाजारों में सुबह, दोपहर, शाम दुकानें खोलकर सामानों की बिक्री की जा रही थी। जिसको लेकर बृहस्पतिवार को डीएम संजीव सिंह और एसपी अमित कुमार ने व्यापारियों से नाराजगी जताई थी। जब शुक्रवार की सुबह दृश्य नहीं बदला और हर ओर लापरवाही ही दिखी तो पुलिस सख्ती ने सख्ती दिखाई। अधिकारियों ने डंडा लेकर दुकानों को बंद कराया और उनका चालान किया।