स्थानीय थाने की पुलिस ने मंगलवार की शाम चेकिंग के दौरान नौबतपुर चेक पोस्ट के समीप वाहन पर लादकर ले जाए जा रहे 14 जीवित मवेशियों को तस्करों के चंगुल से आजाद किया जबकि तीन अन्य की मौत हो चुकी थी। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया। पुलिस मवेशियों को पशुपालकों को सौंपने के साथ तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय के नेतृत्व में एसआई अशोक कुमार मिश्रा व मनोज कुमार राय पुलिसकर्मियों के साथ नौबतपुर पुलिस बूथ पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान सूचना मिली कि एक डीसीएम में मवेशियों को लादकर तस्कर पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले हैं। कुछ देर बाद पुलिस को तेज गति से आता डीसीएम दिखा। पुलिस को चेकिंग करते देख तस्कर वाहन खड़ा कर कर भागने की कोशिश करने लगे लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर दो तस्करों को धर दबोचा। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर क्रूरतापूर्ण ढंग से बंधे 17 मवेशी बरामद हुए जिनमें तीन मर चुके थे। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों व डीसीएम को थाने ले आई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्करों में सुल्तानपुर निवासी मिर्जा खुर्शीद व अमेठी निवासी अरमान शामिल हैं।
रिपोर्ट- महताब खान
संपादन- धनंजय
बाइट- 1254