चंदौली। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने शुक्रवार को विभागीय स्तर पर बड़ी करवाई की। उन्होंने बालू लदे वाहनों से वसूली तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर तीन सिपाहियों को निलंबित किया है। वही धानापुर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा को विवेचना निस्तारण में सुस्ती पर लाइन हाजिर किया। एसओ पर करवाई के पीछे पिछले दिनों धानापुर में दो जनप्रतिनिधियों के बीच हुई नोंकझोंक को भी कारण माना जा रहा है। एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि धानापुर थाने पर कई मुकदमों की विवेचना लंबित है। मामलों के निपटारे के लिए थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया था। लेकिन सुस्ती के चलते थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर सके। इसके चलते एसओ विनोद कुमार मिश्र को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं जांच के दौरान तीन सिपाहियों को निलंबित किया गया है। बताया कि सिपाहियों के तैनाती के दौरान इनके क्षेत्र में नो इंट्री वाले स्थानों पर बालू लदे ट्रक घुस गए। निलंबित होने वाले सिपाहियों में चकिया के हेड कांस्टेबिल जनार्दन सिंह और अलीनगर थाने के जफरपुरवा चौकी पर तैनात अखिलेश व संतोष शामिल हैं। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को मुकम्मल रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।