नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के महदेवा इलाके में जंगली सूअर का देशी बम से शिकार करने के बाद उसका मांस बेचने का प्रयास करने के मामले में वन विभाग के मझगाई रेंज की टीम ने एक आरोपी को मांस के साथ गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया। इस मामले में कुछ आरोपियों के फरार हो जाने की सूचना है। वन क्षेत्राधिकारी इमरान खान ने उन्हें भी जल्द ही दबोचने के लिए टीम गठित कर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी इमरान खान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गहिला कंपार्टमेंट नंबर 6, महदेवा वीट में कुछ लोग जंगली सूअर का देशी बम से शिकार करने के बाद मांस को ला रहे हैं। मामले की पुष्टि होते ही वन विभाग की टीम ने उक्त स्थान की चारों तरफ से घेराबंदी कर दबिश दी, आरोपी शनिवार को अपने घर में बैठ कर सुअर के मांस को टुकड़े-टुकड़े कर बेचा जा रहा था। मौके पर मिले चंद्रिका पुत्र लल्लू 40, ग्राम पड़रिया थाना क्षेत्र चकरघट्टा, जनपद चंदौली को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी के घर से जंगली सूअर का कटा हुआ सिर, मांस व पैर जब्त किया। पशु चिकित्सालय नौगढ़ में पोस्टमार्टम कराने के बाद पशु चिकित्सक ने जंगली सूअर का मांस होने की पुष्टि की।