पीडीडीयू नगर। कोरोना वैक्सीन के टीके की शुरूआत शनिवार से हो रही है। इसे लेकर चिकित्सकों में उत्साह है। जिले के अस्पतालों में तैनात चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ वैक्सीन आने और टीके लगाए जाने को लेकर काफी खुश हैं। नियामातबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. ध्रुव कुमार यादव का कहना है कि कोरोना काल में बिना डटे और थके लोगों का इलाज और जांच की गई। अब वैक्सीन आने से काफी खुशी है। वहीं डॉ. आशीष शुक्ला का कहना है कि कोरोना संकट में कितनों की जान चली गई। वैक्सीन आने से अब नई उम्मीद जगी है। इसका काफी समय से इंतजार था और वह अब खत्म हुआ। राजकीय महिला चिकित्सालय पीडीडीयू नगर पर तैनात स्टाफ नर्स उपासना त्यागी और चालक सर्वजीत सिंह ने कहा कि घर परिवार और खुद को सुरक्षित रखते हुए मरीजों की सेवा की गई। यह चुनौतीपूर्ण दौर था लेकिन अब वैक्सीन आने से भय दूर हुआ। यह बहुत ही सुखद और आंनद का अनुभव है कि इस महामारी के बचाव के लिए टीके लगाने की शुरूआत होने जा रही है।