सकलडीहा। पुलिस परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को परीक्षा छूटने के बाद स्थानीय कस्बे में एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसकर राहगीर परेशान होते रहे लेकिन पुलिस व यातायात कर्मी मूक दर्शक बने रहे। एसडीएम अनुपम मिश्रा व सीओ रघुराज पूरे दिन परीक्षा सेंटरों का भ्रमण कर व्यवस्था देखते रहे। कस्बा की सहज केंद्र व फोटो स्टेट की दुकानें शाम तक बंद रही। स्थानीय इंटर और पीजी कॉलेज में परीक्षा को लेकर रविवार सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। दोपहर की पाली परीक्षा छूटते ही सकलडीहा-अलीनगर तिराहा से लेकर सघन तिराहा और डाॅ. आंबेडकर तिराहा सहित बाजार के सभी मार्ग जाम की चपेट में आ गए। जाम के कारण राहगीर, स्कूली बच्चे और एंबुलेंस कर्मी परेशान रहे। परीक्षा छूटने के बाद गेट बंद होने के कारण भोजापुर व खुचमा रेलवे क्राॅसिंग पर भी लंबी लाइन लगी रही। इस दौरान गेट मैन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था पूर्ण रूप से ध्वस्त होने पर लोग पुलिस प्रशासन को कोसते हुए नजर आए। काफी देर बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह जाम से लोगों को निजात दिलाई।