संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार शुक्रवार को न्यू डीडीयू से सोननगर सेक्शन का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वह रेल कार से फ्रेट कॉरिडोर लाइन, संरचनाओं व परिचालन व्यवस्था का जायजा लेंगे। उनके दौरे को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में तैयारी तेज कर दी गई है। प्रबंध निदेशक गुरुवार की रात नई दिल्ली से वाराणसी पहुंचेंगे। शुक्रवार की सुबह सड़क मार्ग से डीडीयू पहुंचने के बाद वह न्यू डीडीयू से रेल कार से निरीक्षण शुरू करेंगे। निरीक्षण के दौरान वह सोननगर सेक्शन में ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नल व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और मालगाड़ियों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। डीएफसीसीआईएल अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं और परिचालन क्षमता की भी समीक्षा की जाएगी। इसके बाद प्रबंध निदेशक चेवाड़ा होते हुए धनबाद तक आगे का निरीक्षण करेंगे। दौरे को लेकर पूरे सेक्शन में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।