पीडीडीयू नगर । आजादी की रेल गाड़ी और स्टेशन के तहत चौथे दिन बृहस्पतिवार को पीडीडीयू जंक्शन पर कलाकारों ने गीतों और नाटक से लोगों में देशभक्ति का संचार किया । वहीं प्लांट डिपो से अधिकारियों, कर्मचारियों ने प्रभात फेरी निकल कर स्वतन्त्रता सेनानियों को याद किया । आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पीडीडीयू जंक्शन पर 18 से 23 जुलाई तक आजादी की रेलगाड़ी और स्टेशन सप्ताह मनाया जा रहा है । अभियान के चौथे दिन बृहस्पतिवार की सुबह प्लांट डिपो से प्रभात फेरी निकाली गई । वहीं शाम के वक्त पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर मंडल की सांस्कृतिक मंडली ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। मंडल की स्काउट एंड गाइड टीम के माइम कलाकारों ने नाटक से विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं का चित्रण किया । इस दौरान रेलकर्मी, यात्री व आमजन उपस्थित रहे।