चंदौली। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक बुधवार को कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षक अभियान लखनऊ के मिड-डे-मील भोजन निधि का खाता भारतीय स्टेट बैंक में खोलने के आदेश का विरोध किया गया। इसके साथ ही उक्त आदेश को निरस्त करने के लिए बेसिक शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सत्येंद्र सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष हैदर अली खान ने बताया कि ग्रामीण अंचल में एसबीआई की शाखाएं बहुत कम है और विद्यालयों से 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर है। दूरी होने के कारण खातों के संचालन में काफी परेशानी होगी तथा यह आदेश शिक्षकों को परेशान करने वाला है। बैंक के कार्य के लिए शिक्षकों को कोई भी अवकाश देय नहीं है। जिला महामंत्री अरविंद सिंह ने बताया कि इस ज्ञापन द्वारा जनपद के अंदर स्थानान्तरण तथा परिषद के स्कूलों में पदोन्नति कराने का भी आग्रह किया गया है। साथ ही जनपद चंदौली के शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग बीएसए से की गयी। इस दौरान अनिल सिंह, विजय बहादुर सिंह, प्रेमशंकर मिश्र, फकरूद्दीन, संतोष सिंह, अमरनाथ दुबे, निराला, संजय सिंह, विकास सिंह, संजीत भारती, संजय यादव, राकेश चौरसिया आदि उपस्थित रहे।