पीडीडीयू नगर। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान की आशंका के मद्देनजर पूर्व मध्य रेलवे ने 12 ट्रेनों का परिचालन निरस्त कर दिया है। ये ट्रेनें 23 से 26 अक्तूबर तक रद्द रहेंगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि तूफान की आशंका से 23 अक्तूबर को नई दिल्ली से चलने वाली पुरषोत्तम एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इस कारण 24 अक्तूबर को यह ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन नहीं पहुंचेगी। 24 अक्तूबर को पटना-पुरी स्पेशल, पटना-अर्नाकुलम एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल, धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल, पुरी-जयनगर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसी तरह 26 अक्तूबर को जयनगर-पुरी एक्सप्रेस नहीं चलेगी। 23 अक्तूबर को नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 25 अक्तूबर को भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 24 अक्तूबर को एसएमवीबी बंगलूरू-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं, 23 अक्तूबर को नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, आनंद विहार-पुरी नंदन कानन एक्सप्रेस और 25 अक्तूबर को पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।