चंदौली। नमामि गंगे की ओर से जिले के गंगा तट पर बागवानी की योजना में किसान दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। अभी तक मात्र तीन किसानों ने ही बागवानी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। नमामि गंगे का उद्देश्य है कि गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के साथ ही किसानों और ग्रामीणों की आमदनी बढ़ायी जा सके। इसके तहत गंगा नदी के तटवर्ती इलाकों में आम, आंवला, केला, अमरूद, नींबू और कटहल आदि फलों के बाग लगाए जाने की योजना है। इसके तहत जनपद में गंगा के तटवर्ती विकास खंडों नियामताबाद, चहनियां और धानापुर के कुल 47 गांवों में 100 हेक्टेयर में बागवानी के लिए उद्यान विभाग को लक्ष्य मिला है। साथ ही शासन से 50 फीसद तक बजट भी प्राप्त हुआ है। लेकनि बागवानी के लिए किसान आगे नहीं आ रहे हैं। अभी तक सिर्फ तीन किसानों ने दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में बागवानी के लिए दिलचस्पी दिखाते हुए अपना रजिस्ट्रेशन विभाग में कराया है। जबकि जून माह में भी योजना को अमलीजामा पहनाया जाना था। इससे विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी चिंतित हैं।