नौगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगढ़ में मंगलवार को राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के समय स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम्या संस्था की निदेशक बिंदु सिंह ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान सावधानी बरतनी चाहिए। कोऑर्डिनेटर नीतू सिंह ने बताया कि माहवारी एक सामान्य हार्मोनल प्रक्रिया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल ने बताया कि देश में 62 प्रतिशत महिलाएं ही माहवारी प्रबंधन के लिए स्वच्छ साधनों का प्रयोग करती हैं। डॉ. रश्मि सिंह ने साबुन से हाथ धोने, सेनेटरी नैपकिन का प्रयोग करने का सुझाव दिया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उमेश कुमार ने कहा कि माहवारी के समय सर्दी हो या गर्मी, रोज नहाना चाहिए। इस दौरान अंजू, मधु प्रीतम, नवीन, उमेश रामविलास, त्रिभुवन आदि मौजूद थे।