पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सोमवार को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति को हवाला के चालीस लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। पीडीडीयू जीआरपी ने सीओ रेलवे कुंअर प्रभात सिंह ने बताया कि रुपये और हवाला कारोबारी को इनकम टैक्स विभाग वाराणसी के हवाले कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई इनकम टैक्स विभाग करेगी।
सीओ कुंअर प्रभात सिंह ने बताया कि जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह और आरपीएफ दिलदारनगर के निरीक्षक बाल गंगाधर के नेतृत्व में दिलदारनगर चौकी के प्रभारी रावेन्द्र कुमार मिश्र और आरपीएफ की टीम संयुक्त रूप से संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच रविवार की देर शाम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पिट्ठू बैग लिए व्यक्ति संदिग्ध हाल में टहलता दिखा। उसे पकड़ कर बैग की तलाशी ली गई तो उसके पास से 40 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम इंद्रचंद्र शर्मा निवासी तेजरासर बीकानेर बताया। वह रुपयों के संबंध में कोई कागतात नहीं दिखा सका। उसने बताया कि यह पैसा हवाला कारोबार का है। इसे दिलदारनगर से पटना ले जाना था। सीओ ने रुपये बरामद करने वाली टीम को दस हजाररुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।