पड़ाव। जलीपुर पुलिस चौकी के डांडी गांव केे समीप मैजिक के धक्के से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस भाग रहे पिकअप चालक को वाहन सहित चौकी पर ले आई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं वृद्ध की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के भिसौड़ी गांव निवासी जयराम जायसवाल (60) वाराणसी के मैदागिन में कपड़ा सिलाई (टेलरिंग) का काम करते थे। रोजाना की तरह साइकिल से शनिवार की रात अपने रोजमर्रा कार्य से वापस घर आ रहे थे। जैसे ही डांडी गांव के पास पहुंचे तभी दूसरी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने धक्का मार दिया। इससे साइकिल सवार जयराम जायसवाल गंभीर रूप से जख्मी हाे गए। मौके पर पहुंची जलीलपुर पुलिस ने परिजनों को सूचित करते हुए वृद्ध को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हालत गंभीर देख वाराणसी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान रविवार को जयराम जायसवाल ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।